करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहे हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विश्वास, विकास और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, पीएम स्वनिधि और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। वहीं जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक पहचान और वैक्सीन मैत्री अभियान ने विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
प्रभारी मंत्री ने महराजगंज जनपद में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गोरखपुर-सोनौली फोरलेन, ठूठीबारी-महराजगंज मार्ग चौड़ीकरण, इंडो-नेपाल बॉर्डर मार्ग और एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) जैसी परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में लाखों लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान कार्ड, आवास और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण आज उत्तर प्रदेश देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है तथा महराजगंज भी विकास की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत के निर्माण में जनता का सहयोग और विश्वास आगे भी सरकार की सबसे बड़ी ताकत बना रहेगा।
प्रेस वार्ता से पूर्व जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अतिथियों का स्वागत किया।
© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026