धनंजय कुमार शर्मा
बलिया, उत्तर प्रदेश।
समाजवादी पार्टी बलिया के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय "कान्हजी" ने प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सत्ताधारी दल अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख बेचैन हो उठा है। यही कारण है कि जनता के मूल मुद्दों—महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषयों से ध्यान भटकाने के लिए प्रतिदिन नए-नए राजनीतिक शिगूफे छोड़े जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति जनता का बढ़ता समर्थन भारतीय जनता पार्टी की चिंता का कारण बनता दिखाई दे रहा है। अपनी संभावित राजनीतिक चुनौती से घबराकर भाजपा और उसके सहयोगी नेताओं द्वारा समाजवादी पार्टी में टूट-फूट की भ्रामक एवं आधारहीन चर्चाएं फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
कान्हजी ने कहा कि सच्चाई यह है कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। चुनावी माहौल में इस प्रकार की अफवाहें और दुष्प्रचार राजनीतिक हताशा का परिचायक हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर पार्टी को विजय दिलाने के लिए कृतसंकल्पित हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार शिष्टाचार बन गया है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और गरीबों पर अत्याचार चरम पर है। जनता इस अहंकारी सरकार से छुटकारा पाने का मन बना चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जनता वर्ष 2027 में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी को प्रचंड जनसमर्थन देकर बड़ी जीत दिलाएगी।
© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026