सदर प्रखंड का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, कर्मियों में मचा हड़कंप
निरीक्षण में एमओ शिवमपुरी गोस्वामी सहित कई कर्मी पाए गए अनुपस्थित
अनुपस्थित कर्मियों का वेतन भुगतान पर रोक लगाने के साथ कार्रवाई करने का दिया निर्देश
डॉ शशि कांत सुमन
मुंगेर, बिहार।
शुक्रवार को जिला पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने सदर प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया । इस क्रम में वहां उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के क्रम में कई पदाधिकारी एवं कर्मी अनुपस्थित पाए गए।
जिलाधिकारी शुक्रवार को पूर्वाह्न 10ः35 में ही प्रखंड कार्यालय पहुंचे और वहां कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच की। जांच के क्रम में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शिवमपुरी गोस्वामी, सदर प्रखंड कार्यालय के उर्दू अनुवादक इकबाल जौहर, लिपिक आशीष कुमार, परिचारी गुलका सवैया, सदर अंचल अमीन विनोद कुमार सिंह, आईटी सहायक प्रीति बाला, प्रधान मंत्री आवास योजना की सहायक रचना कुमारी, पंचायत सहायक श्रीमती निमिशा सहाय, कार्यपालक सहायक शिल्पा कुमारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने तथा स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया है। उन्होंने वहां उपस्थित पदाधिकारियों को जमकर फटकार लगायी और अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय कार्य में इस तरह की लापरवाही कतई बर्दास्त नहीं की जाएगी। पदाधिकारी हो या कर्मी अगर ससमय कार्यालय में नहीं आते हैं और निरीक्षण के क्रम में अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। जिला पदाधिकारी ने कहा कि कार्यालय में ससमय कार्यो का निष्पादन जितना जरूरी है, उतना ही कार्यालय में ससमय उपस्थित होना भी जरूरी है। कार्यो के प्रति लापरवाह व ससमय कार्यालय नहीं आने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा तथा हरहाल में उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कार्यालय खुलने का वक्त 10ः30 है तो सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होना होगा। उनके द्वारा किसी भी दिन किसी भी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया जाएगा और इस दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य से अपने अपने कार्यालय के कर्मियों के कर्तव्यहीनता के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि पदाधिकारी ही समय पर कार्यालय नहीं आएंगे तो कर्मियों पर इसका असर तो दिखेगा ही। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को भी ससमय कार्यालय में उपस्थित रहने का सख्त निर्देश दिया। जिलाधिकारी द्वारा अचानक किए गए औचक निरीक्षण से सभी प्रखंड कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों में हड़कंप मच गया है। निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा सदर प्रखंड कार्यालय स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग हाॅल में गुगल मीट के माध्यम से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्राप्त दावा आपत्ति की भी समीक्षा की गयी। उन्होंने सभी बीएलओ को तत्काल प्रपत्र 6, 7 तथा 8 पर निर्धारित तिथि तक यथोचित कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन का भी निर्देश दिया।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.