मुख्य मंत्री नीतीश कुमार ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है....
हाजीपुर(वैशाली) जिले के हाजीपुर शहर स्थित औद्योगिक क्षेत्र के सुल्तान पुर गांव में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से बीते देर रात नौ लोग की दर्दनाक मौत हो गई।इस संबंध में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से घटना हुई है।उन्होंने कहा है कि हादसे के बाद बिजली विभाग में फोन करने पर भी किसी ने फोन नहीं उठाया।वहीं कई लोग घायल हैं।जिनका इलाज जारी है।घटना 4 अगस्त की देर रात सुल्तानपुर गांव से कुछ लोग ‘जल भरने’ के लिए पहलेजा घाट जा रहे थे।इसके बाद उन्हें हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करना था।कई लोग डीजे की आवाज पर नाच-गा रहे थे।सूत्रों के अनुसार औद्योगिक थाना क्षेत्र में डीजे गाड़ी 11 हजार वोल्ट वाले बिजली के तार से सट गया।जानकारी के मुताबिक आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।जबकि एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।अब भी कई लोगों का इलाज चल रहा है।मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ एसडीएम हाजीपुर और कई पुलिस अधिकारी पहुंचकर हालात को संभाला।ग्रामीणों ने बताया है कि मृतकों में धर्मेंद्र पासवान के बेटे रवि कुमार,लाल दास के बेटे राजा कुमार,फुदेना पासवान के बेटे नवीन कुमार,सनोज भगत के बेटे अमरेश कुमार,मंटू पासवान के बेटे अशोक कुमार,परमेश्वर पासवान के बेटे कालू कुमार,मिंटू पासवान के बेटे आशी कुमार,चंदेश्वर पासवान के बेटे चंदन कुमार और देवी लाल के बेटे आमोद कुमार शामिल हैं।वहीं उमेश पासवान के 17 साल के बेटे राजीव कुमार के सहित 3 लोगों का इलाज चल रहा है।
सावन के महीने में यहां हर सोमवार को जल भरा जाता है और मंदिर में जल चढ़ाया जाता है।इस बार भी यही आयोजन किया गया था।मिली जानकारी के अनुसार उबड़-खाबड़ सड़क पर डीजे ट्रॉली को निकालने के दौरान ही वो तार के चपेट में आ गया।करंट की वजह से ट्रॉली पर सवार लड़के झुलस गए।इसके बाद कई लोग अफरातफरी के दौरान भी करंट की चपेट में आ गए।मौके पर एसडीएम के पहुंचने पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से घटना हुई।उन्होंने कहा कि घटना के बाद लगातार सूचना देने के बाद भी बिजली विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया।ना ही समय पर बिजली का कनेक्शन काटा।पुलिस और अन्य अधिकारियों के पहुंचने के बाद भी देर रात तक मृतकों का शव मौके पर ही पड़ा रहा।स्थानीय निवासी धर्मेंद्र कुमार पासवान ने बताया कि इलाके के बिजलीकर्मियों ने फोन करने के बाद भी फोन नहीं उठाया।लोग इसी बात से नाराज हैं।उन्होंने कहा कि जब बिजलीकर्मी से बात हुई तो उन्होंने कहा कि पुलिस को बताइए।वैशाली के प्रभारी एसपी ओम प्रकाश ने कहा है कि लोग डीजे लेकर बाबा धाम जा रहे थे।तभी 11 हजार वोल्ट के तार के सटने से हादसा हो गया।वहीं इस घटना पर बिहार के मुख्य मंत्री नीतीश कुमार ने भी दुख व्यक्त किया है।सरकार के द्वारा मृतक के परिजन को 4-4 लाख का मुआवजा दिया गया है।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.