रिपोर्ट : विनोद विरोधी
गया, बिहार।
जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के कुरमावा गांव में होली की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस घटना में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 10 बजे गांव के राजेंद्र प्रसाद के घर पर बर्थडे पार्टी मनाई जा रही थी, जिसमें कई लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान एक युवक नशे की हालत में एक लड़के के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। बताया जाता है कि चंदन कुमार उर्फ कैला और सुरेश कुमार के बीच विवाद हो गया था।
विवाद बढ़ता देख गांव के ही गुलाबचंद प्रसाद ( 55 वर्ष), पिता स्व. जगदीश प्रसाद, बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान आरोपी चंदन कुमार उर्फ कैला अपने घर की छत पर चढ़ गया और वहां से ईंट चलाने लगा। इस हमले में गुलाबचंद प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना में प्रमोद यादव (40 वर्ष) भी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी और उसका परिवार घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने रात में आरोपी को पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों के अनुसार मृतक गुलाबचंद प्रसाद सामाजिक व्यक्ति थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। घटना से पूरी गांव में मातम छाया हुआ है ।ग्रामीणों आक्रोशित है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमरेंद्र किशोर ने बताया कि कुरमावा गांव में बर्थडे पार्टी के दौरान दो युवकों के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव करने गए गुलाबचंद प्रसाद घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस रात्रि में मौके पर पहुंची थी ,मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल को चिन्हित कर बैरिकेडिंग कर सील कर दी गई है ,जिसे ठोस सबूत मिल सकते है ।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि घटना के समय लोग स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे थे, जिससे पुलिस को पूरी जानकारी नहीं मिल सकी। फिलहाल पुलिस छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।मृतक का पोस्टमार्टम आज दोपहर अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज से अस्पताल गया में किया गया हैं ।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.