महराजगंज, उत्तर प्रदेश
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के अंतर्गत चार कुख्यात एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की है। इनमें से तीन अभियुक्तों को जिला बदर किया गया है, जबकि एक अभियुक्त को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को संबंधित थाने पर अनिवार्य रूप से हाजिरी देने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में जुलाई 2026 के विशेष अभियान के दौरान ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जो समाज में भय एवं आतंक का वातावरण उत्पन्न कर अवैध लाभ अर्जित करने की गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।
जिला बदर किए गए अभियुक्तों में अजमल अंसारी (थाना कोतवाली), गुड्डू यादव उर्फ अनिल यादव (थाना घुघली) तथा विद्यासागर (थाना पनियरा) शामिल हैं। वहीं,श्रवण हरिजन (थाना ठूठीबारी) को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को थाना ठूठीबारी में स्वयं उपस्थित होने के आदेश से अवगत कराया गया है।
पुलिस के अनुसार सभी प्रभावित अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व से विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उनके आपराधिक आचरण एवं जनसुरक्षा पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए यह वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनपद में संगठित अपराध, आदतन अपराधियों तथा समाज में भय का वातावरण उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध"जीरो टॉलरेंस" की नीति के तहत कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रहे और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.