रिपोर्ट :विनोद विरोधी
गया, बिहार।
जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में मंगलवार की रात दो पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद के दौरान एक पक्ष लोगों ने संत रविदास की प्रतिमा को पलट दिया। सूचना पर मखदुमपुर गांव पहुंचे डीएसपी प्रकाश कुमार, खिजरसराय थानाध्यक्ष कमलेश राम, एसडीओ गोपाल कुमार, सीओ चंदन कुमार,सीआई दल-बल के साथ मामले को शांत कराया और प्रतिमा को विधिवत मंदिर में स्थापित कराया। जबकि, पुलिस ने विवाद में संलिप्त एक पक्ष के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।इस आशय की जानकारी देते हुए गया पुलिस ने बताया कि मंगलवार की रात क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में दो अलग-अलग जातियों के ग्रामीणों के बीच उत्पन्न विवाद में एक पक्ष विशेष के लोगों ने गांव के मंदिर में स्थापित संत रविदास की प्रतिमा को पलट दिया और दूसरे पक्ष के ग्रामीणों के साथ मारपीट किया।इस मामले में दूसरे पक्ष के ग्रामीणों द्वारा स्थानीय थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराया है। पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के सरोज सिंह और अंकित कुमार नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच अंदर ही अंदर तनाव बना हुआ है। हालांकि पुलिस ने तनाव की बातों से इंकार करते हुए बताया कि फिलहाल मखदुमपुर गांव में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस बल तत्पर है।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.