Tranding

बलिया जनपद में आज 8 जून 2024 से 31 जुलाई 2024 तक धारा - 144 लागू..

रिपोर्ट - धनंजय शर्मा 

बलिया, उत्तर प्रदेश।

जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार ने बताया है कि जनपद बलिया में प्राविधिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा परिषद से सम्बद्ध डिप्लोमा स्तरीय तकनीकी परीक्षा, बीएड पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2024-26 में प्रवेश हेतु उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड, 2024 एवं बकरीद तथा मोहर्रम के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए शान्ति भंग की आशंका है। नागरिक सुरक्षा, सार्वजनिक शान्ति व्यवस्था तथा जनजीवन को सामान्य बनाये रखने, मानव जीवन को स्वस्थ रखने एवं खतरों से निवारण करने, बलवा अथवा किसी अन्य दंगों के निवारण के लिए निरोधात्मक उपाय किये जाने की आवश्यकता है। चूंकि इतना समय नहीं है, कि उन पर नोटिस का तामीला किया जा सकें। अतः यह आदेश एक पक्षीय पारित किया जा रहा है।

अतः मैं रवीन्द्र कुमार, जिला मजिस्ट्रेट, बलिया जनपद बलिया की शान्ति भंग की सम्भावना से पूर्णतः सन्तुष्ट होते हुए दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 के अन्तर्गत दिनांक 08.06.2024 से दिनांक 31.07.2024 तक की अवधि के लिए निम्न आदेश पारित करता हूं। 

1- जनपद बलिया सीमा के अन्तर्गत किसी भी सार्वजनिक स्थानों पर पांच या पांच से अधिक व्यक्ति एक समूह के रूप में एक साथ एकत्रित नहीं होगे और न ही कोई जुलूस निकालेगें और न ही कोई धरना प्रदर्शन करेगा और न ही कोई ऐसी अफवाह फैलायेगें जिससे शान्ति व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। विशेष परिस्थितियों में जुलूस आदि के लिए सक्षम अधिकारी से पूर्व अनुमति प्राप्त किया जाना अनिवार्य होगा। यह प्रतिबन्ध परम्परागत, सामाजिक या धार्मिक संस्कारों एवं रीति-रिवाज तथा जुमे की नमाज पर लागू नहीं होगा।

2 - कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र जैसे लाठी, डण्डा, चाकू, भाला, फरसा, बन्दूक, राइफल, रिवाल्वर, पिस्टल आदि आग्नेयास्त्र या अन्य धारदार हथियार एवं किसी प्रकार के विस्फोटक पदार्थ को लेकर नहीं चलेगा और न ही ऐसा करने के लिये किसी को प्रेरित करेगा। यह प्रतिबन्ध सिक्खों द्वारा परम्परागत रूप से धारण होने वाले कृपाण तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा। बूढे, बीमार, विकलांग, अपंग तथा अन्य व्यक्ति सहारे के लिए लाठी, डण्डे अथवा छड़ी का प्रयोग कर सकते है।

3- कोई भी व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान, मन्दिर, मस्जिद, गुरूद्वारा, चर्च, सड़क मकान के अन्दर अथवा छत पर ईट, पत्थर, शीशा, बोतल व कॉच के टुकड़े तथा विस्फोटक आदि एकत्र नहीं करेगें और न ऐसा करने के लिए किसी अन्य को प्रेरित करेगा।

4- कोई भी व्यक्ति साम्प्रदायिकता भड़काने वाले पोस्टर, बैनर, कटआउट आदि न तो लगायेगा और न ही किसी अन्य को ऐसा करने के लिए प्रेरित करेगा।

5- कोई भी व्यक्ति ऐसी अफवाह अथवा ऐसा नारा नहीं लगायेगा और न ही ऐसा पर्चा छापेगा और न बटवायेगा जिससे किसी वर्ग विशेष की भावना को ठेस पहुंचे और न ऐसा करने के लिए किसी अन्य को प्रेरित करेगा।

6- कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के सार्वजनिक संचार साधन तथा मार्ग पर अवरोध उत्पन्न नहीं करेगा और न ही ऐसा करने के लिए किसी अन्य को प्रेरित करेगा। 

7- कोई भी व्यक्ति सड़क, जल मार्ग, रेलमार्ग, कार्यालय, पेट्रोल पम्प आदि का घेराव नहीं करेगा, न ही यातायात के आवागमन में अथवा किसी प्रकार के सार्वजनिक संचार आदि व्यवस्था में अवरोध उत्पन्न करेगा। ऐसा करने के लिए कोई भी व्यक्ति किसी को न तो उकसाएगा और न ही प्रोत्साहित करेगा। 

8- कोई भी व्यक्ति मार्केट, दुकान प्रतिष्ठान, कार्यालय, पेट्रोल पम्प आदि को न बन्द कराएगा न ही किसी सरकारी सम्पत्ति की क्षति, तोड़ फोड़ आदि करेगा न ही किसी 24 प्रकार का पुतला जलायेगा। ऐसा करने के लिए कोई भी व्यक्ति किसी को न तो उकसाएगा और न ही प्रोत्साहित करेगा। 

9- कोई भी व्यक्ति ऐसा भाषण या नारा नहीं लगाएगा, न ही इस प्रकार का प्रचार प्रसार करेगा जिससे कि जनभावनाओं को ठेस पहुंचे, लोक शांति व्यवस्था प्रतिकूल रूप सेप्र भावित होने की संभावना के दृष्टिगत, न ही कोई व्यक्ति किसी को इस हेतु उकसाएगा अथवा प्रोत्साहित करेगा।

10- कोई भी व्यक्ति नई परम्परा अथवा गैर परम्परागत कार्य / कार्यकम नहीं करेगा। न ही कोई व्यक्ति किसी व्यक्ति को इस हेतु उकसाएगा अथवा प्रोत्साहित करेगा।

11- कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार के आग्नेयास्त्र को किसी प्रकार के आयोजित होने वाले समारोह में उपयोग नहीं करेगा। 12- कोई भी व्यक्ति ध्वनि विस्तारक यन्त्रों द्वारा ऐसा प्रचार नहीं करेगा और न ही ऐसा भाषण देगा और न ही ऐसा कैसेट बजायेगा, जिससे किसी वर्ग विशेष या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुचे और न ऐसा करने के लिए किसी अन्य को प्रेरित करेंगा।

13- प्राविधिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा परिषद से सम्बद्ध तकनीकी शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश परीक्षा /बी०एड० पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2024-26 में प्रवेश हेतु उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी०एड०, 2024 के दौरान परीक्षा केन्द्रों के आस-पास ध्यनि विस्तारक यन्त्रों का प्रयोग तथा परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ अन्य संचार सम्बन्धी उपकरण एवं आईटी गजेट्स ले जाना पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा। 

14- परीक्षा केन्द्रों से न्यूनतम 500 की परिधि में फोटो कॉपियर एवं स्कैनर का संचालन परीक्षा अवधि में पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा।

15- परीक्षा केन्द्र पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का शस्त्र आदि लेकर परीक्षा स्थल पर नहीं जायेगा।

उक्त आदेश का उल्लंघन भारतीय दण्ड विधान की धारा 188 के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध होगा।

इस आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सम्बंधित थाना क्षेत्रों में डुग्गी पिटवाकर तथा लाउडस्पीकर से कराया जाय। आदेश की प्रति कार्यालय नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराकर समाचार पत्रों में प्रकाशित कराकर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाय। यह आदेश आज दिनांक 08.06.2024 को मेरे हस्ताक्षर एवं कार्यालय की मुहर लगाकर जारी किया गया।

Karunakar Ram Tripathi
185

Leave a comment

Most Read

Advertisement

Newsletter

Subscribe to get our latest News
About IndiaKhabar

IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.

Follow Us

© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.