Tranding

अपने शबाब पर पहुंचा विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला..

सोनपुर/हाजीपुर (वैशाली) बिहार

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है।परंपरा और आधुनिकता को समेटे इस मेले में दिन ब दिन बच्चे,बूढे और जवान लाखों की तादाद पहुंच रहे हैं।जबकि शाम होते ही बड़ी संख्या में लोग थियेटर का आनंद लेने भी पहुंच रहे हैं।सोनपुर मेला में गौर से देखें तो पूरे क्षेत्र में मनोरंजन,संस्कृति और रोमांच का एक संगम उतर आया है जो हर आयु वर्ग के लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।सारण जिले के सोनपुर में एक महीने तक रौनक बिखेरने वाले इस मेला का पुराना इतिहास रहा है।कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर हाजीपुर के कोनहरा घाट और सोनपुर के काली घाट पर गंगा और गंडक नदी के संगम पर डूबकी लगाने के लिए लाखों लोग आते हैं।इसके बाद इस मेले की शुरुआत हो जाती है।इस वर्ष इस मेले में प्राचीन मेलों की तरह खेल-तमाशों की दुनिया सजी है तो आधुनिक झूले लोगों रोमांचित कर रहे हैं।विशाल झूलों ने युवाओं और बच्चों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है।आधुनिक और पारंपरिक झूलों के अलावा कलाकारों के हैरतअंगेज करतब दर्शकों को आश्चर्यचकित कर रहे हैं।खाने-पीने के शौकीन लोगों के लिए मेले में तरह-तरह के स्टॉल लगाए गए है।इसमें चाइनीज फूड के स्टॉल हैं तो कई स्टॉलों पर पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जा रहे हैं।अभिभावक अपने बच्चों को पारंपरिक व्यंजनों से ना केवल परिचय करवा रहे हैं, बल्कि उसका स्वाद चखना भी नहीं भूल रहे।बिहार के पर्यटन विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा भी मानते हैं कि अपने इतिहास और परंपराओं को समेटे सोनपुर मेला में कुछ कमियां जरूर रही हैं। लेकिन वर्तमान सरकार उन कमियों को दूर करने को लेकर प्रयासरत है।मंत्री ने इस संवाददाता से बातचीत के दौरान कहा कि इस साल भी मेले को विदेश से लोग देखने पहुंच रहे हैं।यहां पर्यटकों को पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विभाग ने कई तरह के पैकेज उपलब्ध कराए है।वहीं मेले में पशु बाज़ार, मीना बाज़ार,उनी कपडों के बाज़ार,चिड़िया बाज़ार भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।जबकि मेले में पर्यटन विभाग के द्वारा हर दिन देश के बड़े से बड़े कलाकार, गीतकार,संगीतकार व अन्य फनकार को बुलाकर लोगों का भरपूर मनोरंजन कराया जा रहा है।जिसमें अब तक मैथिली ठाकुर,कल्पना पटवारी,कैलाश खेर जैसे मशहूर कलाकार अपने फन का बेहतरीन प्रदर्शन कर लोगों के दिल जीत चुके हैं।मेला अपने आधे सफर पूरे करते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा है।14 दिसंबर तक चलने वाला यह मेला दिन ब दिन जवान हो रहा है और लाखों लोगों को अपना दीवाना बना सोनपुर तक बुला रहा है।मेले में सबसे ज्यादा भीड़ रविवार को देखने को मिल रहा है।सूत्र बताते हैं कि अब तक 40 लाख लोग मेले को देखने आ चुके हैं।जबकि बीते रविवार को रिकार्ड 4 लाख लोग आए थे।मेले का आकर्षण यहां का रेल ग्राम भी जहां भारतीय रेल की विभिन्न जानकारी लोगों को अपनी ओर खींच रहा है।जबकि सोनपुर मेले का मशहूर मिठाई पापड़ी,खजूर और हलवा भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है।बच्चों को लुभाने वाला मिट्टी की सीटी,घीरनी भी खूब बिक रहे हैं।मेले की रोमांचकता दिन से ज्यादा शाम ढलते बढ़ जाती है।हर उम्र का आदमी सोनपुर मेले का दीवाना बना है।मेले में बीते दिनों करोड़ रुपए का भैंस भी लोगों को खूब लुभाया।वहीं मशहूर नेता अनंत सिंह भी मेला आकर मेला की रौनक बढ़ा चुके हैं।तो देर किस बात की जनाब।आप भी आइए,मजे लीजिए,सर्दी के मौसम में सोनपुर मेले में आएं और गर्मागर्म मनोरंजन का लुत्फ उठाएं।

Karunakar Ram Tripathi
146

Leave a comment

Most Read

Advertisement

Newsletter

Subscribe to get our latest News
Follow Us
Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026