हाजीपुर/भगवानपुर(वैशाली) बिहार
जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के करहरी गांव में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने घायल को इलाज के लिए हाजीपुर के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। घायल की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के करहरी गांव निवासी मंजय राय के 19 वर्षीय पुत्र रवि कुमार बताया गया है।मिली जानकारी के अनुसार रवि अपने दोस्त के साथ घर से बाइक सवार होकर निकला था। घर से 500 मीटर की दूरी पर घात लगाए बैठे अपराधियों ने रवि के बाएं हाथ में गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास स्थानीय लोग जुट गए।इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना घायल के परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंच घायल के परिजनों ने उसे इलाज के लिए हाजीपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। जहां घायल का इलाज चल रहा है। घायल की स्थिति नाजुक बताई गई है। नगर थाने की पुलिस निजी नर्सिंग होम पहुंच मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।वहीं जिले के ही हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर अपराधियों ने एक कर्मचारी के निजी मुंशी को गोली मार दी।पीड़ित को आधा दर्जन से अधिक गोलियां लगीं। घटनास्थल से पुलिस ने 8 खोखे बरामद किए हैं। गंभीर हालत में पीड़ित को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान काजीपुर थाना क्षेत्र के अफजलपुर धोबघट्टी गांव निवासी ब्रिजनंदन सिंह के 45 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।बहरहाल वैशाली में अपराधियों का मनोबल टूटने की बजाए बढ़ता जा रहा है। आए दिन अपराधियों के कारनामों से लोग सांसत में है।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.