तेज बारिश और गरज-चमक के बीच हुआ हादसा, अस्पताल में मृत घोषित
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश
जनपद के ग्राम लालपुर टिकर मुस्तकिल में सोमवार दोपहर अचानक बदले मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
मृतकों की पहचान शशिकांत पुत्र रामसूरत और विकास पुत्र राम आशीष के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, दोपहर में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई और इसी दौरान जोरदार गरज-चमक के बीच बिजली गिर गई। दोनों युवक इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम सदर दीपक गुप्ता अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की मौजूदगी में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026