Tranding

भगवान श्रीराम केवल एक देवता नहीं बल्कि आदर्श मानव जीवन के सर्वोच्च प्रतीक हैं: राजन जी महाराज

धनंजय कुमार शर्मा

बलिया। उत्तर प्रदेश 

बेरूआरबारी ब्लॉक के समीप भगवान दास मंदिर, करिहरा परिसर में सोमवार से प्रारंभ हुई विश्वविख्यात कथावाचक राजन जी महाराज की श्रीराम कथा के प्रथम दिवस श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था और देखते ही देखते पूरा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। चारों ओर "जय श्रीराम" के उद्घोष, भजन-कीर्तन और भक्ति की सरिता बहती नजर आई।

श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ बांसडीह विधानसभा की विधायक केतकी सिंह ने सपरिवार वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना करते हुए कथा के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

प्रथम दिवस की कथा में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, सत्य, धर्म और त्याग के प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम केवल एक देवता नहीं, बल्कि आदर्श मानव जीवन के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें कर्तव्य, संस्कार, सेवा और सदाचार का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में यदि व्यक्ति श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतार ले तो परिवार, समाज और राष्ट्र में सुख, शांति तथा सद्भाव का वातावरण स्थापित हो सकता है।

आगे राजन जी महाराज ने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शन है। कथा का श्रवण मनुष्य के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और उसे धर्म एवं मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों और संगीतमय झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु पूरे समय "जय श्रीराम" के जयघोष के साथ कथा का आनंद लेते रहे। कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं की आंखों में भक्ति और चेहरे पर आध्यात्मिक आनंद स्पष्ट दिखाई दे रहा था।

आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा सुरक्षा, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है।इस अवसर पर अमरनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, निशा सिंह, संत स्वरूप सिंह उर्फ "गुड्डू सिंह" सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा महोत्सव के प्रथम दिवस की भव्यता और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने यह संकेत दे दिया कि आगामी दिनों में यह आयोजन क्षेत्र के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में से एक साबित होगा।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
1

Leave a comment

Most Read

Advertisement

Newsletter

Subscribe to get our latest News
Follow Us
Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026