धनंजय कुमार शर्मा
बेल्थरारोड,बलिया।
उभांव थाना क्षेत्र के अवांय गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनकी तीन वर्षीय मासूम बेटी अनाथ हो गई। मृतकों की पहचान नगरा सरकारी अस्पताल में तैनात एएनएम नीतू (30 वर्ष) और उनके पति धनंजय चौधरी ( 35 वर्ष) के रूप में हुई है। यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:00 बजे उभांव थाना क्षेत्र के अवांय गांव के समीप हुआ।
बताते चलें कि धनंजय चौधरी अपनी पत्नी नीतू (एएनएम) को बाइक से नगरा अस्पताल से लेकर लौट रहे थे कि अवाय गांव के पास ज्योही पहुंचे उनकी बाइक एक ई रिक्शा से टक्कर के बाद एक कार से भी टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसा के बाद मौके पर अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर सीयर चौकी प्रभारी मुकेश कुमार यादव घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी सीयर पहुंचाया। सीएचसी में नीतू की हालत लगातार बिगड़ती गई। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद नीतू को बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई। सपा के वरिष्ठ नेता आद्यशंकर यादव ने अस्पताल पहुंच कर घायलों के बारे में जानकारी प्राप्त की और घायल परिवारजनों को ढाढस दिलाया। गंभीर रूप से घायल धनंजय सहित आठ अन्य घायलों को बेहतर इलाज हेतु बलिया व मऊ रेफर कर दिया गया। मऊ में इलाज के दौरान रात में धनंजय चौधरी की भी मौत हो गई।
पति-पत्नी के मौत की सूचना मिलते ही बिल्थरा रोड में शोक की लहर दौड़ गई। आज गुरुवार को नगर के वार्ड नंबर 6 स्थित उनके घर पर शुभचिंतकों, रिश्तेदारों का ताता लगा रहा। धनंजय के पिता अमित चंद शोकाकुल अवस्था में अपने घर के बाहर बैठे नजर आए। धनंजय की मां को सुबह तक इस घटना की जानकारी नहीं दी गई थी। धनंजय दो भाइयों में बड़े थे, उनका छोटा भाई पंकज चौधरी एक आईसीसी एजेंट हैं। उनकी बहन की शादी हो चुकी है।
हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। इस हादसे में पंकज पुत्र गुलाब दीन निवासी अवांय, ज्योति निवासी टांगुनिया, गिरजा देवी निवासी शाहपुर, राज निवासी बेल्थरारोड, चांदनी देवी निवासी शाहपुर, तथा रेनू देवी निवासी कोथ, समेत कई लोग घायल हुए हैं सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.