Tranding

ससुराल में मिली नीतू की लाश, गला दबाकर हत्या का आरोप।

दहेज की बलिबेदी पर चढ़ीं विवाहिता 

विनोद विरोधी

 गया, बिहार।

जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के ढेलवा टांड़ गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव उसके ही ससुराल से बरामद किया गया। मृतका की पहचान 24 वर्षीय नीतू कुमारी, पति रुपेश यादव, के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है, वहीं मायके पक्ष में कोहराम मच गया है। परिजनों ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार नीतू कुमारी की शादी करीब चार वर्ष पूर्व ढेलवा टांड़ निवासी रुपेश यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों का एक पुत्र हुआ, जिसकी उम्र करीब एक वर्ष बताई जा रही है। लेकिन मां की मौत के बाद मासूम के सिर से ममता का साया उठ गया।परिजनों ने बताया कि नीतू दो दिन पहले ही गुरपा थाना क्षेत्र के मोचारक गांव स्थित अपने मायके से ससुराल लौटी थी। अचानक उसकी मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग आनन-फानन में ढेलवा टांड़ पहुंचे। वहां पहुंचते ही नीतू का शव देख परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे।

मृतका के पिता बिंदेश्वर यादव एवं उसके भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही नीतू को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। सास और ननद अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट और विवाद करती थीं। परिजनों का कहना है कि नीतू की गला दबाकर हत्या की गई है और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही थी। बताया जा रहा है कि मृतका का पति रुपेश यादव मुंबई में रहकर मजदूरी करता है और घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। घटना की सूचना मिलने के बाद वह भी गांव लौटने की तैयारी में जुट गया है।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही सिंधुगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।सिंधुगढ़ थानाध्यक्ष नीलेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

 इधर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं

घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के बीच इसे लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं मायके पक्ष के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की मां बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। गांव की महिलाओं की आंखें भी नम दिखीं।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि नीतू की मौत आत्महत्या थी या फिर सुनियोजित हत्या।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
25

Leave a comment

Most Read

Advertisement

Newsletter

Subscribe to get our latest News
About IndiaKhabar

IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.

Follow Us

© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.