8 बाइकों पर लदी भारी मात्रा में देसी-विदेशी शराब जब्त
रिपोर्ट विनोद विरोधी
गया, बिहार।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए स्थानीय पुलिस लगातार मुस्तैद है। इसी कड़ी में गुरपा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शराब तस्करों के एक बड़े नेटवर्क को नाकाम कर दिया। पुलिस ने तेतरिया गांव के समीप से 8 मोटरसाइकिलों पर लदी देसी और विदेशी शराब की एक बहुत बड़ी खेप को जब्त किया है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरपा थाना पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा भारी मात्रा में शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए योजना बनाई और तेतरिया गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस की इस त्वरित और संगठित कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया। खुद को पुलिस से घिरता देख तस्कर अपनी गाड़ियां और शराब के अवैध स्टॉक को वहीं छोड़कर अंधेरे और खेतों का सहारा लेकर रफूचक्कर हो गये।
मामले की पुष्टि करते हुए गुरपा थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार ने बताया कि पुलिस की इस विशेष कार्रवाई में मौके से कुल 8 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जिनका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था। इसके साथ ही, तस्करों के पास से 1,250 लीटर देसी शराब और 48 लीटर विदेशी (अंग्रेजी) शराब बरामद की गई है।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.