महराजगंज, उत्तर प्रदेश।
थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र के मल्हनी फुलवरिया लूट कांड का महराजगंज पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। थाना पुरन्दरपुर पुलिस, स्वाट, एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 3 बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने लूटी गई ज्वेलरी, लूटी गई अपाची बाइक समेत घटना में प्रयुक्त 4 मोटरसाइकिलें, कटर व इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किए हैं। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹2.5 लाख बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को बदमाशों ने मल्हनी फुलवरिया के पास दुकानदार रंजीत सोनी पर हमला कर बाइक व ज्वेलरी लूट ली थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य सरगना सनोज वर्मा ने अपने साथियों और बाल अपचारियों के साथ मिलकर घटना की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त लूटी गई ज्वेलरी को गलाकर पहचान मिटाने की तैयारी में थे। मंगलवार देर रात मधुकपुर महदेवा स्थित पुराने पंचायत भवन के पास माल के बंटवारे के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सनोज वर्मा, समीर अहमद, राजन उर्फ भोलू मौर्या और मुकेश कुमार शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.