Tranding

मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांच और शनिवार को 'नो-बैग डे' के रूप में मनाने का दिया गया निर्देश।

शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न।

मोहम्मद ग़ुलाम सरवर 

जमुई , बिहार।

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में सिमुलतला आवासीय विद्यालय एवं जिले में नवनिस्थापित डिग्री कॉलेज की प्रगति सहित विभिन्न शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान ई-शिक्षाकोश पोर्टल पर छात्र-छात्राओं के प्रोग्रेशन, फेशियल रिकग्निशन सिस्टम की स्थिति, अपार आई0डी0 के क्रियान्वयन तथा विभिन्न आवासीय छात्रावासों के संचालन और शिक्षा समितियों के पुनर्गठन जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, जिला पदाधिकारी ने शिक्षकों के वेतन भुगतान, पेंशन व सेवांत लाभ तथा न्यायालयी मामलों के निष्पादन की भी समीक्षा की और लंबित मामलों को अविलंब पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा जिले की शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए दो अत्यंत महत्वपूर्ण एवं दूरगामी निर्देश जारी किए गए। अब से विद्यालयों का निरीक्षण करने वाले सभी पदाधिकारियों के लिए यह अनिवार्य होगा कि वे निरीक्षण के क्रम में स्वयं बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण करेंगे। भोजन की गुणवत्ता को परखने के बाद वे बच्चों के साथ भोजन करते हुए अपनी तस्वीर (फोटोग्राफ) और एक लिखित प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से जिला शिक्षा कार्यालय को प्रेषित करेंगे, तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही, छात्रों की मानसिक एवं सृजनात्मक क्षमता को नया आयाम देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया है कि प्रत्येक शनिवार को विद्यालयों में पारंपरिक पठन-पाठन के स्थान पर केवल रचनात्मक और पाठ्य-सहगामी गतिविधियाँ आयोजित की जाएं। इस दिन बच्चे बिना बस्ते के विद्यालय आएंगे और खेल, कला, संगीत, निबंध, वाद-विवाद तथा अन्य सृजनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारेंगे। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा के अधिकार और लोक-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी टीम भावना से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिले के शैक्षणिक स्तर को उत्कृष्ट बनाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
29

Leave a comment

Most Read

Advertisement

Newsletter

Subscribe to get our latest News
About IndiaKhabar

IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.

Follow Us

© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.